Karnataka New Cabinet Meeting: कर्नाटक की नई नवेली कांग्रेस सरकार अपनी पहली कैबिनेट में अपने 5 चुनावी वादों को पूरा करने जा रही है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इन पांच घोषणाओं को पूरा करने का ऐलान भी कर दिया है.

दरअसल, राहुल गांधी ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद कहा कि इस जीत का सिर्फ एक कारण है कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक के गरीबों, कमजोरों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों के साथ खड़ी हुई है. हमारे पास सच्‍चाई थी और गरीब लोग थे, BJP के पास धन, ताकत, पुल‍िस, सारा कुछ था. उनकी सारी ताकत को कर्नाटक की जनता ने हरा द‍िया. उनके भ्रष्‍टाचार को हरा दिया, उनकी नफरत को हरा द‍िया.

उन्होंने आगे कहा, हम झूठे वादे नहीं करते हैं. कर्नाटक की नई कांग्रेस सरकार आज पहली कैब‍िनेट में 5 वादे पूरे करेगी. जो हम कहते हैं, वो हम कर दिखाते हैं. नफरत के बाजार में कर्नाटक ने लाखों मोहब्बत की दुकानें खोली हैं. कांग्रेस सरकार कर्नाटक की जनता की सरकार है, आपकी सरकार है. ये दिल से आपके लिए काम करेगी. हमारी सरकार का लक्ष्य किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार, युवाओं की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुनहरा बनाना है.

कर्नाटक को आज से मिलने वाली है ये बड़ी सौगात-

- 200 यूनिट तक बिजली फ्री.
- गरीब परिवार की मुखिया महिला को 2 हजार महीना. 
- महिलाओं के लिए यातायात फ्री.
- बेरोजगारों को दो साल तक भत्ता (ग्रेजुएट को तीन हजार, डिप्लोमा को डेढ़ हजार). 
- बीपीएल परिवारों को दस किलो चावल फ्री.