देश के अलग-अलग राज्यों में हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उत्तराखंड में भी भारी बारिश ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है.

बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ने से अचानक पानी का बहाव वाहन चालकों पर भारी पड़ रहा है. ऐसे में देहरादून के शिमला बाईपास पर एक बस पानी के तेज बहाव में फंस गई. बस ड्राइवर की लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है.

शिमला बाईपास पर फंसी बस का वीडियो वायरल-

यह वीडियो देहरादून के शिमला बाईपास चौक के पास स्थित रामगढ़ गांव का है. वीडियो में यात्री बरसाती नदी के तेज बहते पानी में फंसी बस से सुरक्षित बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. दरअसल, हिमाचल रोडवेज की चंडीगढ़ से हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी बस बरसाती नदी में पानी आ जाने के कारण फंस गई. बस में सवार यात्रियों ने बस की छत पर चढ़कर और फिर कूदकर अपनी जान बचाई. वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल-

इसके साथ ही वीडियो में पानी के तेज बहाव में बस के फंसने और खतरे का मंजर साफ देखा जा सकता है. बरसाती नदी पार करते समय बस पानी में फंस गई, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. पानी का स्तर कम होने के बाद बस को भी सुरक्षित निकाल लिया गया. साथ ही हरबर्टपुर और सिघनीवाला में भी रूट डायवर्ट कर दिया गया है.