सार 

राज्यसभा के लिए उम्मीद के मुताबिक निर्विरोध निर्वाचित हुए तीनों उम्मीदवार, भाजपा से कविता पाटीदार व सुमित्रा वाल्मीकि और कांग्रेस से विवेक तन्खा पहुंचे राज्यसभा। 

विस्तार 

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीनों सीटों पर उम्मीदवारों का निर्वाचन निर्विरोध हो गया है। इसके साथ ही  BJP की ओर से कविता पाटीदार व सुमित्रा बाल्मिक और कांग्रेस की ओर से विवेक तन्खा राज्यसभा पहुँचेंगे। सीटों की गणित के हिसाब से मुकाबले जैसी कोई बात भी नहीं थी।  

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक़ जरुरत पड़ने पर मतदान 10 जून को होना था और उसी दिन शाम 5:00 बजे से मतगणना होनी थी। तीनों प्रत्याशियों के अलावा  किसी अन्य ने उम्मीदवारी का नामांकन दाखिल नहीं किया था। इसके साथ ही यह तय हो गया था कि उम्मीदवारों का निर्वाचन निर्विरोध ही होना है।

गौरतलब है मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कविता पाटीदार और सुमित्रा बाल्मिक ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी उपस्थित थे। वहीं सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना पर्चा दाखिल किया था।

राज्यसभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा, संपतिया उइके और एमजे अकबर का कार्यकाल 29 जून, 2022 को समाप्त हो रहा है। इनमें विवेक कृष्ण तन्खा अब दोबारा राज्यसभा पहुंचेंगे।