केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1801 नए मामले सामने आए हैं. केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि एर्नाकुलम, तिरुवनंतपुरम और कोट्टायम जिलों में सबसे ज्यादा कोविड मामले हैं.
अब एक बार फिर राज्य सरकार कोविड को लेकर अलर्ट मोड पर आ गई है. उन्होंने टेस्टिंग भी बढ़ा दी गई है. हालांकि, अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या कम है.
कुल मरीजों में से केवल 0.8 फीसदी को ऑक्सीजन बेड और 1.2 फीसदी को आईसीयू बेड की जरूरत पड़ रहीं हैं. यानी ये बात राहत देने वाली हैं. साथ ही देशभर से पिछले 24 घंटे में 5,357 नए संक्रमित मामले सामने आये हैं.
covid को लेकर स्वास्थ्य मंत्री की बैठक-
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के नेतृत्व में कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक हुई. इस बैठक में कोरोना को लेकर कई अहम फैसले लिए गए.
कोविड-19 से सबसे ज्यादा मौतें 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की हो रही हैं. वहीं, जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए ज्यादातर सैंपल में ओमिक्रॉन वेरिएंट पाया गया है.
इन लोगों के लिए जरूरी है मास्क-
स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार मॉक ड्रिल की जा रही है. कोविड-19 से 85 फीसदी मौतें 60 साल से अधिक उम्र के लोगों में हुई हैं. वहीं, 15 फीसदी ऐसे थे जो किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे.
बैठक में कहा गया कि बुजुर्गों, गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों और गर्भवती महिलाओं के लिए मास्क पहनना फ़िलहाल अनिवार्य किया गया है.
महाराष्ट्र में भी बढ़े मामले-
महाराष्ट्र में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. राज्य में बीते दिन (आठ अप्रैल) को कोविड-19 के 542 नये मामले सामने आने के बाद अब तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 81,49,141 हो गयी है.
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मुंबई में शनिवार को संक्रमण के 207 मामले सामने आए. यह लगातार पांचवां दिन है जब शहर में संक्रमण के 200 से अधिक मामले सामने आए हैं.