पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 6050 नए मामले सामने आए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार (7 अप्रैल) को जारी एक दैनिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है. 

नए मामलों में वृद्धि के साथ सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 28,303 हो गई है. साथ ही पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के मामलों में 13 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है. इससे पहले गुरुवार को 5,335 नए कोरोना मामले सामने आए थे. तो वहीं आज नए मामले 6 हजार के पार पहुंच गए.

अब तक 14 मरीजों की मौत-

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 14 मरीजों की मौत हुई है. इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 5 लाख 30 हजार 943 हो गई है.

शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कुल 4 करोड़ 41 लाख 85 हजार 858 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. टीकाकरण की बात करें तो गुरुवार को 2334 कोरोना के टीके लगाए गए हैं. देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी 2021 को की गई थी.

दिल्ली में 606 नए मामले-

दिल्ली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के 606 नए मामले सामने आए हैं, जो पिछले अगस्त के बाद सबसे ज्यादा है. इससे पहले 26 अगस्त को दिल्ली में 620 मामले सामने आए थे. दिल्ली में 24 घंटे के अंदर कोरोना से एक मरीज की मौत हो गई है.

गुरुवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 803 नए मामले सामने आए, जो बुधवार की संख्या से 234 अधिक थे. राज्य में वायरस से तीन मरीजों की मौत हो चुकी है. राज्य सरकार के कोरोना बुलेटिन में कहा गया है कि मुंबई में 216 मामले सामने आए. मुंबई में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि ठाणे शहर और जालना जिले में दो अन्य कोरोना संक्रमितों की मौतें हुई हैं.