भोपाल: राज्य के सामाजिक न्याय विभाग ने अनियमितता बरतने पर नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्य करने वाले एक एनजीओ की मान्यता समाप्त कर दी है।
आयुक्त डॉ. ई.रमेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अशासकीय संस्था- सोसायटी फॉर मेग्जिमाईजिंग एग्रीकल्चर एण्ड रूरल टेक्नालॉजी जिला खण्डवा को नशामुक्ति के क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कार्य तथा सामाजिक न्याय के कार्यक्रमों का संचालन करने हेतु विभागीय मान्यता निर्धारित शर्तों के अधीन प्रदान की गई थी।
अशासकीय संस्था को भारत सरकार से नशामुक्ति सह पुनर्वास केन्द्र संचालन करने हेतु अनुदान प्रदाय किया जा रहा था। भारत सरकार द्वारा गठित प्रोजेक्ट मानीटरिंग यूनिट के स्टेट कोर्डिनेंटर द्वारा संस्था का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान संस्था में पाई गई अनिमितताओं के कारण संस्था को भारत सरकार से प्रदाय अनुदान पर रोक लगाई गई।
इस पर संस्था को नोटिस जारी कर संस्था को अपना पक्ष/जबाब रखने के लिए जिला कलेक्टर खण्डवा के अभिमत सहित जबाब चाहा गया था, परन्तु संस्था से कोई जबाब प्राप्त नहीं होने एवं जिला कलेक्टर खण्डवा द्वारा संस्था की विभागीय मान्यता समाप्त करने की अनुशंसा के आधार पर अशासकीय संस्था- सोसायटी फॉर मेग्जिमाईजिंग एग्रीकल्चर एण्ड रूरल टेक्नालॉजी जिला खण्डवा को प्रदाय विभागीय मान्यता तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाती है।