ट्विटर के सीईओ एलन मस्क ने अपनी घोषणा को अमल में ला दिया। Twitter पर लेगेसी वेरिफाइड अकाउंट पर ब्लू टिक हटा दिए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, क्रिकेटर विराट कोहली, अभिनेता शाहरुख खान समेत कई विशिष्ट हस्तियों के ब्लू चेक मार्क हटा दिए गए हैं।
गुरुवार रात जैसे ही 12 बजे वैसे ही लीगेसी वेरिफाइड अकाउंट से ब्लू टिक हटने शुरू हो गए। अब ट्विटर अपने नए नियमों के मुताबिक सिर्फ उन लोगों को ही ब्लू चेक मॉर्क देगा जो ट्विटर ब्लू के लिए भुगतान करेंगे। यानी अब ब्लू टिक के लिए मंथली चार्ज देना पड़ेगा।
एलन मस्क ने कह दिया था कि 20 अप्रैल के बाद से उन अकाउंट्स से ब्लू टिक हटा दिया जाएगा, जिन्होंने पेड सब्सक्रिप्शन नहीं लिया है। मस्क ने 12 अप्रैल को को एक ट्वीट में 20 अप्रैल से ब्लू टिक को हटाने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अगर लोगों को ब्लू टिक लेना है तो उन्हें 'ट्विटर ब्लू' का पेड सब्सक्रिप्शन लेना पड़ेगा।
ट्विटर ब्लू की कीमत हर देश में अलग-अलग है। भारत में, iOS के लिए ट्विटर ब्लू की कीमत 900 रुपये मासिक है, वेब मासिक 650 रुपये है जबकि iOS के लिए वार्षिक मूल्य 9,400 रुपये है। एंड्रॉइड यूजर्स के लिए, मासिक मूल्य 900 रुपये है जबकि वार्षिक मूल्य 9,400 रुपये है।