मिट्टी बचाने का दे रहे संदेश

सद्गुरु जग्गी वासुदेव गुरुवार को मोटरसाइकिल यात्रा लेकर भोपाल आ रहे हैं। शाम साढ़े पांच बजे वे राजधानी के लाल परेड मैदान पर पहुंचेंगे। उनके साथ उनके अनेक अनुयायी भी रहेंगे। यहां जन अभियान परिषद व ईशा फाउंडेशन की ओर से मिट्टी बचाने के लिए जन-जागरण का कार्यक्रम रखा गया है। यहां पहले सद्गुरु का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन रात आठ बजे तक होगा। कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रहीं हैं। मैदान पर टेंट, लाइट लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं ही इस कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन कर चुके हैं।

प्रवेश के लिए यहां तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से तरफ से पंजीयन कराने वाले लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। दूसरे प्रवेश द्वार पर वीआईपी लोग प्रवेश करेंगे। पीछे के प्रवेश द्वार से सद्गुरु व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रवेश करेंगे। स्वयंसेवी हिमांशु कुंडल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है। 

सद्गुरु जग्गी वासुदेव मिट्टी बचाने के लिए जन-जागरण अभियान पर निकले हैं। दुनिया की 60 प्रतिशत जनसंख्या को जोड़ने के उद्देश्य से यात्रा पर निकले सद्गुरु अभी तक 30 हजार किमी की मोटर साइकिल यात्रा कर चुके हैं। वे अभी तक 27 देशों की यात्रा कर चुके हैं। यूके, यूरोप, मिडिल-ईस्ट होते हुए अब मध्यप्रदेश में आए हैं। वे सागर, विदिशा, सांची होते हुए मोटरसाइकिल से भोपाल आ रहे हैं। सद्गुरु के स्वागत के बाद उनकी मोटरसाइकिल यात्रा से जुड़े वीडियो भी कार्यक्रम स्थल पर लगी एलईडी पर दिखाए जाएंगे। कार्यक्रम में सद्गुरु मिट्टी बचाने संबंधी अपने विचार भी रखेंगे। वे अपनी यात्रा के अभी तक के अनुभव बताएंगे। कार्यक्रम के बाद सद्गुरु सीहोर, आष्टा, सोनकच्छ, देवास, इंदौर होते हुए महेश्वर जाएंगे। यहां से वे मुंबई के लिए रवाना होंगे।