जम्मू-कश्मीर में मध्य प्रदेश की धरती का एक और लाल शहीद हो गया। घाटी में सैन्य अभियान दौरान छिंदवाड़ा के भारत यदुवंशी शहीद हो गए। उनके शहादत की खबर से छिंदवाड़ा जिले के शंकरगढ़ ढाना में शोक छा गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने  भारत यदुवंशी की शहादत को सलाम करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी है। 

भारत यदुवंशी छिंदवाड़ा जिले के ग्राम रोहनाकला के शंकरगढ़ ढाना के निवासी थे। बताया जा रहा है कि भारत यदुवंशी की पार्थिव देह को छिंदवाड़ा लाने की तैयारी शुरू हो गई है। उनके घर पर भी ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने  भारत यदुवंशी की शहादत को नमन किया है। उन्होंने ट्वीट किया - जम्मू-कश्मीर में एक सैन्य अभियान में छिंदवाड़ा के लाल श्री भारत यदुवंशी जी मां भारती की सेवा करते हुए शहीद हो गए। मैं प्रभु से उनकी आत्मा की शान्ति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। यह राष्ट्र आपका बलिदान सदैव याद रखेगा. ॐ शांति। 

वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी ट्वीट कर भारत यदुवंशी की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया-जम्मू कश्मीर में एक सैन्य अभियान के दौरान छिंदवाड़ा के लाल और बहादुर सैनिक श्री भारत रघुवंशी वीरगति को प्राप्त हुए। हमें उनके अदम्य साहस पर गर्व है। देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिक की शहादत को मैं सलाम करता हूं।