मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को 9 जून तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया है। ईडी ने जैन को सोमवार रात गिरफ्तार किया था। कई घंटे की पूछताछ के बाद उन पर मुकदमा चलाया गया। न्यायाधीश गीतांजलि गोयल की बेंच ने मामले की सुनवाई की।
ईडी की तरफ़ से पेश सॉलिसिटर जनरल मेहता ने कहा, हम आरोपी की 14 दिन की हिरासत के लिए आवेदन कर रहे हैं। न्यायाधीश ने एफआईआर और रिमांड आवेदन की एक प्रति मांगी। मेहता ने आरोप लगाया कि जैन ने फरवरी 2015 से मई 2017 के बीच एक मंत्री के रूप में अपने और अपने परिवार के नाम पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। सीबीआई, आईटी विभाग और विभिन्न बैंकों से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
जैन से पास से 2015-2017 के दौरान आय से अधिक 4.81 करोड़ रुपये मिले हैं। न्यायाधीश ने कहा, हम इसके बारे में जानते हैं। सीबीआई मामले में आरोप पर चर्चा शुरू हो गई है। मेहता ने कहा, हमें पता चला है कि डेटा एंट्री ऑपरेटरों ने दिल्ली की कंपनियों में निवेश किया है। इन 4 कंपनियों के लिए आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है। जो साफ तौर पर शेल कंपनियां हैं।
ईडी का कहना है कि जांच में "पैसे होने के वास्तविक और महत्वपूर्ण मुद्दे" पाए गए हैं, जिसे सत्येंद्र जैन अब तक नकार चुके हैं। अन्य स्रोतों और धन के बारे में पता लगाने के लिए 14 दिनों की हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता है। एसजी मेहता ने बताया कि मामले में सहयोगी अंकुश व वैभव जैन के परिजनों ने हलफनामे पर बयान दिया है।
बता दें कि सत्येंद्र जैन मामले में आम आदमी पार्टी के वकील भी कोर्ट पहुंचे थे। जैन की तरफ़ से मामले को पेश करने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता एन हरिहरन के अलावा आप विधायक व अधिवक्ता मदन लाल अदालत में मौजूद थे। जैन का पहले मेडिकल परीक्षण हुआ। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मंत्री सत्येंद्र जैन को सोमवार शाम गिरफ्तार किया था।
दरअसल, कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े हवाला लेनदेन के मामले में ईडी ने कार्रवाई की है। आरोप है कि फर्जी कंपनियों को मिले पैसे का इस्तेमाल जमीन की सीधी खरीद या दिल्ली और उसके आसपास कृषि भूमि खरीदने के लिए लिए गए कर्ज की अदायगी के लिए किया गया।
केजरीवाल का बड़ा बयान-
उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को मीडिया के सामने पेश हुए और सत्येंद्र जैन का बचाव करते हुए कहा कि हम भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करते और भ्रष्टाचार नहीं करते है। मैंने इस पूरे मामले की व्यक्तिगत रूप से जांच की है। पूरा मामला फर्जी है। हमारी सरकार बहुत ईमानदार सरकार है। सत्येंद्र जैन को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। हमें कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। केजरीवाल ने कहा, हमारी ईमानदार सरकार है। हम भ्रष्टाचार का एक पैसा भी बर्दाश्त नहीं करते हैं। पंजाब में हमने अपने ही मंत्री को गिरफ्तार कर लिया लेकिन सत्येंद्र जैन का मामला पूरी तरह झूठा है।