Satyendar Jain Bail: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की अंतरिम जमानत आज 10 जुलाई को दो हफ्ते के लिए और बढ़ा दी है. अब जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी. कोर्ट ने खराब सेहत के आधार पर 26 मई को 6 हफ्ते की अंतरिम जमानत दी थी.
ख़बरों के मुताबिक, कोर्ट में वकील ने बताया कि सत्येंद्र जैन की सर्जरी होनी है. जिसे लेकर तीन हॉस्पिटल जीबी पंत, मैक्स और अपोलो ने ऐसी रिपोर्ट दी है. लेकिन कोर्ट के सामने सिर्फ दो ही हॉस्पिटल की रिपोर्ट पेश की गई. हालांकि, कोर्ट ने तीसरी रिपोर्ट भी जमा करने के लिए कहा है.
तो वहीं, दूसरी तरफ ईडी के वकील ने एम्स में जांच की मांग उठाई, जिस पर कोर्ट ने इनकार कर दिया. यानी अब वह प्राइवेट हॉस्पिटल में भी इलाज करवा सकते हैं. सत्येंद्र जैन को कोर्ट से अंतरिम जमानत कुछ शर्तों के साथ मिली. कोर्ट ने साफ़ तौर पर कहा कि सत्येंद्र जैन जेल से बाहर रहते हुए गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश न करें. साथ ही मीडिया से भी दूरी बनाये रखें.
इसके अलावा उनके कहीं बाहर जाने पर भी रोक लगाई गई है. दो हफ्ते के लिए अंतरिम जमानत बढ़ने के बाद अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी. सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में एक साल से भी ज्यादा समय से जेल में बंद हैं. उनकी गिरफ्तारी पिछले साल 31 मई को हुई थी. गिरफ्तारी के बाद से ही तबीयत बिगड़ने की खबरें भी सामने आने लगी थी.