सऊदी अरब में एक भयानक बस दुर्घटना में लगभग 20 उमराह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है और 29 घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसा देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में हुआ। यह घटना रमजान के पवित्र महीने के दौरान हुई, जब बड़ी संख्या में मुस्लिम तीर्थयात्री हज और उमराह के लिए सऊदी अरब के मक्का और मदीना जाते हैं।
गल्फ न्यूज के मुताबिक तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पुल से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई। आग में 20 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण असीर प्रांत और आभा शहर को जोड़ने वाली सड़क पर हादसा हुआ है। बस में सवार सभी लोग उमरा करने मक्का जा रहे थे।
सऊदी सिविल डिफेंस और रेड क्रिसेंट अथॉरिटी की टीमें दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं और इलाके को घेर लिया। मृतकों और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेज दिया गया है। रमजान के महीने में मक्का शहर तीर्थयात्रियों से भरा रहता है। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अन्य देशों के लोग भी शामिल होते हैं।
बस हादसे में जान गंवाने वाले अलग-अलग देशों से आए थे।