पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे मध्यप्रदेश में लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रदेश सरकार ने स्कूलों की फीस में बढ़ोत्तरी कर दी है. स्कूली विद्यार्थियों को इस साल दाखिले के साथ क्रीड़ा शुल्क (स्पोर्ट्स फीस) दोगुनी और स्काउट-गाइड शुल्क पांच गुना अधिक चुकानी होगी। मध्य प्रदेश शासन ने लगभग 12 वर्षों के बाद शुल्क में बढ़ोत्तरी की है।

प्रदेश सरकार की ओर से समस्त संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को आदेश जारी किया गया है. इसके मुताबिक अब 9वीं और 10वीं के छात्रों से स्पोर्ट्स शुल्क के तौर पर 60 रुपए के बजाए 120 रुपए देने होंगे. 11वीं व 12वीं के छात्रों से 100 रुपए के बजाए 200 रुपए लिए जाएंगें। इसी तरह से स्काउड-गाइड शुल्क के तौर पर 9वीं व 10वीं के छात्रों से 10 रुपए के बजाए 30 रुपए और 11वीं 12वीं के छात्रों से 50 रुपये वसूले जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने फीस में बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव साल 2020 में ही पास कर दिया था लेकिन दो साल बाद अब वित्त विभाग से इसी स्वीकृति मिली है।