मध्यप्रदेश के विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन रानी कमलापति की तर्ज पर राज्य में एक और रेलवे स्टेशन विकसित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश का यह दूसरा विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन होगा जोकि खजुराहो में बनाया जाएगा। सरकार की ओर से इसकी सैद्धांतिक स्वीकृति हो भी चुकी है। इसे एयरपोर्ट की तरह विकसित किया जाएगा। इस स्टेशन की डीपीआर बनाने का काम अगस्त माह में शुरू होगा। अप्रैल माह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जब दौरे पर खजुराहो आए थे तब उन्होंने यह घोषणा की थी। रेल मंत्री ने तब कहा था कि खजुराहो में विश्वभर से पर्यटक आते हैं. इसलिए यहां के रेलवे स्टेशन को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन की भांति विश्वस्तरीय बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रदेश का पहला विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन भोपाल का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन है। अब खजुराहो रेलवे स्टेशन को भी इसी स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। झांसी रेल मंडल के पीआरओ मनोज सिंह ने बताया कि नए बननेवाले खजुराहो रेलवे स्टेशन पर होटल, रेस्टोरेंट के साथ ही अत्याधुनिक लाउंज की सुविधा भी मिलेगी।
खजुराहो स्टेशन से ही दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन भी चलाई जाएगी। सूत्रों ने बताया कि वंदेभारत एक्सप्रेस सितंबर 2022 तक ही शुरू हो पाएगी. बताया जा रहा है इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां से भारत गौरव ट्रेन चलाने की भी बात भी की जा रही है. क्षेत्र के किसानों के लिए यहां गुड्स शेड भी बनाए जाने का प्रस्ताव है। गौरतलब है कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने से खजुराहो में लाखों की संख्या में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक आते हैं।
खजुराहो को पर्यटन के लिए दुनियाभर में लोग जानते हैं। यही कारण है कि यहां रेल सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। ललितपुर से खजुराहो रेल लाइन का विद्युतीकरण का काम भी तेजी से किया जा रहा है. अधिकारियो के अनुसार एयरपोर्ट की तरह बनाए जा रहे इस स्टेशन की डीपीआर का काम अगस्त में शुरू होगा।