मध्यप्रदेश के इंदौर में एक बार फिर देह व्यापार के अनैतिक कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। मामला तुलसी नगर का है जहां एक होटल में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई हुई. पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से देह व्यापार के इस कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने इस होटल से कोलकाता के एक दंपति सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापा मारा तब होटल के कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में थे।
ग्राहक बनकर पहुंचे थे पुलिसकर्मी
पुलिस को सूचना मिली थी कि तुलसीनगर की एक नामी होटल में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दो पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर होटल में पहुंचाया। इन पुलिसकर्मियों ने होटल में पहुंचकर कमरा बुक करने के लिए कहा. इसके साथ ही ये शर्त भी रखी कि कमरे में उन्हें लड़की भी दी जाए। पहले तो काउंटर पर मौजूद शुभम नाम के शख्स ने मना किया लेकिन बाद में मान गया. और फिर ये भी कहा कि पैसे ज्यादा लगेंगे।
ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी जब अपने कमरे की तरफ बढ़े तो उन्हें दूसरे कमरों में लड़के लड़कियां संदिग्ध हालत में नजर आए. इसके बाद उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी. सूचना मिलते ही तैयार बैठी पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारा। होटल पर छापा पड़ते ही वहां हड़कंप मच गया और कमरे में से युवक-युवतियां भागने लगे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने बताया कि होटल से कोलकाता के एक दंपत्ति सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भिलाई में पोस्टेड एक CISF अफसर का है होटल
जिस होटल में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था वो भिलाई में पोस्टेड एक CISF अफसर का बताया जा रहा है। उनसे संपर्क करने पर पता चला कि उन्होंने इस होटल को 80 हजार रुपए महीने पर मोबिन और शुभम नाम के युवकों को किराए पर दे दिया है। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से कॉन्डम, शराब की बोतल आदि जब्त की गई है। शुरुआती तफ्तीश में पता चला है कि जो चार युवतियां पकड़ी गई हैं उन्हें पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र से यहां लाया गया था। हिरासत में लिए गए कोलकाता के दंपति होटल में रहकर ही इस सेक्स रैकेट को संचालित करते थे।