मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुधनी की शाहगंज नगर परिषद में सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। इस तरह शाहगंज नगर परिषद  मध्यप्रदेश की पहली निर्विरोध नगर परिषद बन गई है। इससे पहले जिले की ग्राम पंचायतें भी निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं। शाहगंज नगर परिषद में सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध चुने जाने पर सीएम शिवराज सिंह ने बधाई दी है और बड़ा वादा किया है।  

शाहगंज नगर परिषद के सभी 15 वार्डों के पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी निर्विरोध निर्वाचित पार्षदों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मैं शाहगंज के नागरिकों को हृदय से बधाई देता हूं और उनका अभिनंदन करता हूं। 'शाहगंज' मध्य प्रदेश की पहली नगर पंचायत है जहां सभी 15 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, अर्थात नगर पंचायत का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हो गया है। यह मध्य प्रदेश की पहली समरस नगर पंचायत होगी।

मुख्यमंत्री शिवराज ने आगे कहा कि शाहगंज की जनता सचमुच में अद्भुत है। ऐसा सामंजस्य, समन्वय और समरसता आमतौर पर दुर्लभ होती है, लेकिन यह चमत्कार शाहगंज की जनता ने कर दिखाया है। समरस नगर पंचायत शाहगंज में विकास के काम और जनता का कल्याण भी आदर्श तरीके से किया जाएगा। समन्वय एवं समरसता का जो आदर्श शाहगंज ने उपस्थित किया है, हम उसी ढंग से विकास और जनकल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आदर्श नगर पंचायत का विकास भी आदर्श तरीके से किया जाएगा। एक बार फिर मैं शाहगंज की जनता को हृदय से बधाई तथा धन्यवाद देता हूं, और अभिनंदन करता हूं।

शाहगंज नगर परिषद में सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा समरस पंचायतें बनाने के लिए नागरिकों से किये गए अनुरोध का परिणाम बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री के समरस पंचायत बनाने के अपील का पूरे प्रदेश में व्यापक असर दिखाई दे रहा है। प्रदेश की कई पंचायतें निर्विरोध निर्वाचन से समरस पंचायतें बनी।