इंदौर। सीएम शिवराजसिंह और उनकी पत्नी साधना सिंह ने रविवार को इंदौर में फास्ट फूड का स्वाद लिया. शिवराजसिंह, साधनासिंह के साथ इंदौर के प्रसिद्ध 56 दुकान इलाके में पहुंचे और यहां व्‍यंजनों का स्वाद लिया। इससे पहले सीएम शिवराजसिंह ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को इंदौर एयरपोर्ट पर भावभीनी विदाई दी. इस मौके पर सीएम ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को मंगलमूर्ति भगवान श्री गणेशजी की प्रतिमा भेंट की। सीएम ने सपरिवार मध्यप्रदेश आगमन पर राष्ट्रपति कोविंद का आभार भी प्रकट किया। बाद में सीएम शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति महोदय के राज्य के प्रवास से मध्यप्रदेश और हम सब उनके सानिध्य में समय व्यतीत करने से हम धन्य हुए।

सीएम शिवराजसिंह और साधना सिंह ने पूरा दिन महा‍महिम राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविन्‍द के साथ बिताया था. वे पहले उज्‍जैन के कार्यक्रमों और महाकाल दर्शन में म​हा​महिम के साथ रहे. सुबह से पूरा दिन राष्‍ट्रपति के साथ व्‍यतीत करने के बाद इंदौर जाकर उन्हें विदा भी किया. इसके बाद मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम को कुछ राहत के मूड में दिखे. वे सपत्‍नीक शहर की प्रसिद्ध 56 दुकान पर पहुंचे और वहां पाव भाजी खाई. यहां कुछ साउथ इंडियन व्‍यंजनों के साथ अन्य डिशेस का भी आनंद लिया।

राष्‍ट्रपति को विदा करने के बाद सीएम शिवराज सिंह ने इंदौर में ही वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्योपुर जिले की योजनाओं का भी शुभारंभ किया. उन्होंने जिले के श्योपुर एवं बड़ौदा नगर निकाय की जलावर्धन योजनाओं का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया। इसके बाद सीएम ने शहर के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को भी संबोधित किया।

इससे पहले इंदौर से रवाना होने के पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उज्जैन में महाकाल बाबा के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे. यहां उन्होंने पुजारियों को प्रणाम करते हुए कहा कि हम सब राष्ट्र की सेवा में लगे हुए हैं. 30 मई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के विवाह की वर्षगांठ है और इसके एक दिन पूर्व उन्होंने महाकाल का पूजन-अभिषेक किया. इस महत्वपूर्ण दिन से एक दिन पहले राष्ट्रपति कोविंद ने पत्नी और बेटी के साथ महाकाल का अभिषेक-पूजन किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी साथ थे। कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद सत्यनारायण पंवार तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य नारायण केसरी ने बाद में राष्ट्रपति से सर्किट हाउस पर मुलाकात की।