कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चला मंथन आखिरकार ख़त्म हो गया है। सिद्धारमैया ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे और डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालाँकि आधिकारिक ऐलान अभी भी नहीं हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को बेंगलुरु में होगा। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक आज (18 मई) शाम सात बजे बेंगलुरु में बुलाई गई है।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों को सीएलपी बैठक के लिए बेंगलुरु पहुंचने जाने को कहा गया है।

इससे पहले कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने सुरजेवाला से उनके आवास पर मुलाकात की थी और शिवकुमार ने अपने भाई और पार्टी सांसद डीके सुरेश के आवास पर पार्टी के नेताओं और समर्थकों से भी चर्चा की। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक के पार्टी प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और पार्टी नेता एमबी पाटिल बुधवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे।

सीएम के नाम को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने दिल्ली में पूर्व सांसद राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। राहुल गांधी को "जननायक" बताते हुए कांग्रेस ने ट्वीट किया कि कर्नाटक में भारी जीत के बाद राहुल गांधी ने डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया से मुलाकात की।