लखनऊ में 16 साल के बेटे ने अपनी सगी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। मां के शव के साथ घर में रहा। उसने 10 साल की बहन के सामने मां को मार डाला औउ उसको भी धमकाकर घर से बाहर नहीं जाने दिया। बेचारी मासूम बहन अपनी मां के शव के साथ ही सोती रही. शव के सड़ने से जब बदबू फैलने लगी आरोपी बेटे ने सेना अधिकारी पिता को फोन करके बता दिया कि उसने मां की हत्या कर दी है। सूचना के बाद मंगलवार रात पुलिस ने मां का शव घर से बाहर निकाला।
नवीन कुमार सिंह सेना में जूनियर कमीशन्ड ऑफिसर हैं। उनकी पश्चिम बंगाल में पोस्टिंग है। उनका मकान लखनऊ के पीजीआई इलाके में यमुनापुरम कॉलोनी में है। उनकी पत्नी 40 साल की साधना अपने 16 साल के बेटे और 10 साल की बेटी के साथ यहां रहती थीं। बेटे ने मंगलवार रात अपने पिता को वीडियो कॉल करके बताया कि उसने मां को मार डाला है। उसने पिता को वीडियो पर मां का शव भी दिखाया। नवीन की सूचना पर पुलिस पहुंची तो घर के अंदर के हालात देखकर हैरान रह गई।
पुलिस ने देर रात बाहर का गेट खोला तो घर में अंदर से बदबू आ रही थी। पुलिस वाले नाक पर रुमाल रखकर भीतर दाखिल हुए. यहां बेड पर साधना की सड़ी हुई लाश पड़ी थी। साधना का शव सड़ गया था. कमरे में सिसकियां लेती साधना की 10 साल की बेटी भी मिली। पुलिस ने बताया कि बेटे ने बहन के सामने ही मां को गोली मारी। वो इतनी दहशत में थी कि भाई के कहने पर मां की लाश के साथ ही सोती रही। साधना के शव के पास पिता नवीन की लाइसेंसी पिस्टल मिली। अनुमान लगाया जा रहा है कि बेटे ने मैगजीन की पूरी 6 गोलियां मां के ऊपर दाग दीं।
पुलिस के मुताबिक, बेटे को मोबाइल पर गेम खेलने की लत थी लेकिन मां उसे गेम खेलने से रोकती थीं। शनिवार की रात को भी उन्होंने बेटे को गेम खेलने से मना किया। इससे बेटा नाराज हो गया। रात को जब साधना गहरी नींद में थीं तो उसने अलमारी से पिता की पिस्टल से मां की हत्या कर दी। बहन को भी डरा-धमकाकर उसी कमरे में बंद कर दिया. पुलिस का यह भी कहना है कि मां साधना किसी बात से नाराज होकर बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रही थी। बेटे ने मां की कोई ऐसी शिकायत पापा से कर दी थी जिसे लेकर दोनों में बहुत विवाद हुआ।
पुलिस का कहना है कि बेटे को अपनी मां की किसी आदत के कारण बेहद नफरत थी। उसने अपने पापा से कई बार इसकी शिकायत की। इसके बावजूद मां की हरकत में कोई बदलाव नहीं आया। इसी हरकत के कारण वह एक साल पहले घर छोड़कर भी भाग गया था। पुलिस ने अभी इस हरकत की कोई बात नहीं बताई है। फिलहाल पुलिस ने 10 साल की बेटी को नवीन के भाई के सुपुर्द कर दिया है।