मध्यप्रदेश में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ. प्रदेश के दतिया जिले में यह रोड एक्सीडेंट हुआ है। यहां के भगवापुरा थाना के अंतर्गत एक तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो गाड़ी पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में उसमें सवार 2 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 3 सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मारे गए लोगों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किए गए. हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है.
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर एक नीम के पेड़ से टकरा गई. इससे जीप में सवार 3 लोग बुरी तरह घायल हो गए जबकि 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में सत्यम पुत्र सुरेश परिहार, हरशु पुत्र संजीव किरार निवासी रामपुरा की मौत हो गई तथा मारुति किरार, नारायण किरार व रामकुमार किरार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. तीनों घायलों का इलाज किया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी घायल एवं मृतक रामपुरा खुर्द से एसआर पैट्रोल पंप पर बर्थडे मनाने के लिए जा रहे थे. इस दौरान रात्रि करीब 12 बजे रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. भगवापुरा में बने पेट्रोल पंप के पास मलियापूरा रोड के लिए जाते वक्त यह हादसा हुआ. इसमें सवार सभी लोग रामपुरा खुर्द के निवासी हैं.
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. मौके पर पहुंचे भगवापुरा थाना प्रभारी मुरारी शर्मा ने अपनी टीम के साथ मिलकर घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर भिजवाया।