न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है।जैसिंडा अर्डर्न ने घोषणा की है कि वह इस साल होने वाले आम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगी। अर्डर्न ने गुरुवार को नेपियर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आगामी 7 फरवरी प्रधानमंत्री कार्यालय में उनका आखिरी दिन होगा।
अर्डर्न 2017 में दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। न्यूजीलैंड में आम चुनाव 14 अक्टूबर को होना है।
जैसिंडा अर्डर्न ने कहा कि काम करने के लिए अब ऊर्जा नहीं बची है। अब इस्तीफा देने का समय है। मैं जा रही हूं, क्योंकि इस तरह की खास भूमिका के साथ जिम्मेदारी जुड़ी होती है।
जैसिंडा अर्डर्न का यह चौंकाने वाला फैसला साढ़े पांच साल के कार्यकाल के बाद आया है। इस दौरान उनके नेतृत्व में देश ने कोरोना महामारी का सफलतापूर्वक सामना किया। जैसिंडा अर्डर्न की कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए पूरी दुनिया में सराहना की गई थी।