ईद का त्यौहार बस आने ही वाला है। लेकिन इससे पहले ही मध्य-पूर्व एशियाई देश यमन की राजधानी साना से एक दुःख भरी खबर सामने आई है। साना में एक चैरिटी प्रोग्राम में भगदड़ मचने से 85 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 110 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
 
बुधवार को जब व्यापारी कमजोर लोगों को आर्थिक सहायता करने के उद्देश्य से पैसे बांट रहे थे, तभी वहां भगदड़ मच जाने से ये हादसा हो गया।  हूती संचालित आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, साना के केंद्र में ओल्ड सिटी में व्यापारियों ने एक कार्यक्रम आयोजित किया था , जिसकी वजह से यहां सैकड़ों गरीब जमा हो गए। मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर अब्देल-खलीक अल-अघरी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय किए बिना पैसे बांटने की वजह से हादसा हुआ है।
 
बता दें कि यह त्रासदी मुस्लिमों के पवित्र त्योहार ईद-उल-फितर की छुट्टी से पहले हुई, जो इस सप्ताह के अंत में इस्लामिक पवित्र महीने रमजान के अंत का प्रतीक है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। हूती विद्रोहियों के अल-मसीरा सैटेलाइट टीवी चैनल के अनुसार, साना में एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी मोताहेर अल-मरौनी ने मरने वालों की संख्या 85 बताई है और कहा कि इस हादसे में कम से कम 100 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।