भोपाल: मप्र सरकार का डबल इंजन हेलीकाप्टर वीटी-एमपीआर का अब नये सिरे से आंतरिक डेकेरोशन होगा। इसमें करीब पन्द्रह लाख रुपये का खर्चा आयेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले साल इस हेलीकाप्टर के इंजन एवं अन्य उपकरणों का करीब दस करोड़ रुपये व्यय कर नवनीकरण किया गया था। डीजीसीए के नियमों के अनुसार, दस साल पूरे होने पर यह नवीनीकरण करना जरुरी होता है।
उक्त हेलीकाप्टर का उपयोग बहुधा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करते हैं तथा अन्य वीआईपी वर्ग की मांग पर भी उन्हें यह उपलब्ध कराया जाता है। आंतरिक डेकेरोशन के अंतर्गत अब इस हेलीकाप्टर का पूरा कारपेट बदला जायेगा, डोर हेंडल्स पर चमड़े के कवर लगाये जायेंगे, वुडन केबिनेट, ड्राअर्स व डोर पेनल्स पर लेमिनेशन पालिश होगी, अंदर गहन सफाई होगी, मेप व टेक्नोलाग रखने के लिये पायलेट्स के लिये नये लेदर बैग्स रखे जायेंगे, सीटों पर हाई ग्रेड का एनीमल लेदर लगाया जायेगा, कारपेट प्रोटेक्टर मेट लगाई जायेगी।
राज्य के विमानन विभाग ने आंतरिक डेकेरोशन के लिये निजी कंपनियों से आफर मांग लिये हैं जिन्हें 25 मई को खोला जायेगा। चूंकि हर छह माह बाद हेलीकाप्टर को डीजीसीए के नियमों के अनुसार मेंटीनेंस हेतु पन्द्रह दिन के लिये ग्राउण्ड करना होता है तथा यह अवधि जून माह में आ रही है, इसलिये इसी ग्राउण्डिंग पीरियेड में यह आंतरिक डेकेरोशन कराया जायेगा। वैसे पिछले साल जब इंजन एवं अन्य उपकरणों के पुर्जों में बदलाव किया गया था, उसी समय इस आंतिरक डेकेरोशन को करा लिया जाना था, परन्तु यह उस समय न कर अब कराया जा रहा है।