भोपाल. भोपाल के बैरागढ़ में धर्मांतरण की घटना सामने आई है। यहां के क्राइस्ट मेमोरियल स्कूल में स्कूल संचालक द्वारा ही धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को पकड़ा हालांकि स्कूल संचालक फरार हो गया. घटना के बाद मध्यप्रदेश में संचालित सभी मिशनरी स्कूल सरकार की रडार पर आ गए हैं। मामले में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का भी बयान सामने आया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ऐसे स्कूलों पर नजर रखने और गड़बड़ी सामने आने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

बैरागढ़ के क्राइस्ट मेमोरियल स्कूल में धर्मांतरण का काम लंबे अर्से से चल रहा था. एक स्थानीय नागरिक और हिंदू संगठनों की शिकायत पर रविवार को जब पुलिस स्कूल में पहुंची तो वहां कई युवक—युवतियां मिलीं. युवतियों ने पुलिस कार्रवाई का बाकायदा विरोध भी किया. पुलिस ने मौके से 4 लोगों को धार्मिक आधार पर भड़काने का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इधर पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी स्कूल संचालक फरार हो गया.

इधर सोमवार सुबह क्राइस्ट मेमोरियल स्कूल की घटना को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान आया। उन्होंने कहा कि मामले में तत्काल FIR कर दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी मिशनरी स्कूलों पर भी गहरी नजर रखने को कहा है. गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्यप्रदेश में जितने भी मिशनरी स्कूल हैं, उनके अंदर इस तरह की गतिविधियां तो नहीं हो रही हैं, इसके लिए हमने इंटेलिजेंस को नजर रखने को कहा है।