Vande Bharat Express: वंदे भारत ट्रेन पर एक बार फिर पथराव की ख़बर सामने आई है. दरअसल, दिल्ली से देहरादून जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की खबर है. मेरठ-मुजफ्फरनगर रेलवे ट्रैक पर मुजफ्फरनगर स्टेशन के पास ट्रेन पर पथराव किया गया, जिससे ट्रेन के शीशे पर खरोंच के निशान पड़ गए.

ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों ने इसका वीडियो भी बना लिया. पथराव वंदे भारत एक्सप्रेस के E1 कोच पर हुआ हैं. पथराव में कोई घायल नहीं हुआ. रेलवे का कहना है कि दोषियों को पकड़ने के लिए दिल्ली मंडल ने आरपीएफ को लगा दिया है. हालांकि, स्टेशन मास्टर ने पथराव की घटना से इनकार किया हैं.

पीएम मोदी ने दिखाई थी हरी झंडी-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 मई को ही देहरादून से दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई थी. इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद देहरादून पहुंचे थे.

जनवरी के बाद से पथराव की 7वीं घटना-

जनवरी 2023 के बाद से वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की यह सातवीं घटना है. इससे पहले मई में केरल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था. ऐसी ही एक घटना 6 अप्रैल को हुई थी, जब विशाखापत्तनम में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था.

साथ ही जनवरी में विशाखापत्तनम में ही वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ था. 12 मार्च को पश्चिम बंगाल में भी वंदे भारत पर पथराव की घटना हुई थी. जिसमें ट्रेन की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे. ईस्टर्न रेलवे ने कहा कि पथराव की घटना मुर्शिदाबाद के फरक्का में हुई.

जनवरी 2023 में आरपीएफ ने बताया कि दार्जिलिंग जिले में पथराव के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस की दो खिड़कियां टूट गईं थी. इसी महीने हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मालदा के पास पथराव किया गया था.