ओडिशा में रविवार को तेज आंधी ने पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस पर ब्रेक लगा दिया। आंधी के कारण पेड़ की शाखाएं वन्दे भारत ट्रेन पर गिरने से उसका शीशा टूट गया और यह तीन घंटे से ज्यादा समय तक खड़ी रही।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक़ पेड़ की शाखाएं गिर जाने से ट्रेन का शीशा टूट गया और शाखाएं ‘पेंटोग्राफ’ में फंस गईं, जिससे ट्रेन का संचालन बाधित हुआ। ओवरहेड तार भी टूट गए और बिजली आपूर्ति बाधित रही।

घटना शाम साढ़े चार बजे दुलखापटना-मंजूरी रोड स्टेशन के बीच वैतरणी पुल पर हुई। यहाँ  वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 3 घंटे रुकी रही। इसके बाद डीजल इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया। ट्रेन पुरी से हावड़ा की ओर जा रही थी।

दक्षिण मध्यरेलवे के मुताबिक़ सोमवार को हावड़ा पुरी हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस मरम्मत करने के लिए रद्द रहेगी। हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरी झंडी दिखाई थी और शनिवार से इसका संचालन शुरू हुआ था।