भोपाल: प्रदेश में स्थित सरकारी स्कूलों में कक्षा नौ वीं से लेकर कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें 1 जून से मिलना प्रारंभ हो जायेंगी। इसके लिये स्कूल शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिये हैं।

जारी निर्देश में कहा गया है कि मप्र पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा अपने डिपो से विकासखण्ड स्तर पर ये किताबें रवाना की जा रही हैं। 1 जून से 10 जून तक सभी स्कूलों में ये किताबें पहुंच जायेंगी तथा 20 जून तक किताबों के वितरण का प्रमाणीकरण अनिवार्य रुप से उपलब्ध कराना होगा।

मनोविज्ञान की किताब एनसीईआरटी की साईट पर जाकर उसका प्रिन्ट निकालना होगा तथा फिर उसकी फोटोकॉपी कराकर इन्हें बच्चों में बांटा जायेगा। इसी प्रकार उर्दू माध्यम की किताब भी विमर्श पोर्टल से डाउनलोड कर बांटी जायेगी। इसके अलावा स्कूल प्राचार्य द्वारा स्थानीय स्तर पर क्रय की गई किताबों के बिल 10 जुलाई तक जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे जायेंगे जहां से 31 जुलाई तक एक जाई बिल संचालनालय को भेजे जायेंगे ताकि उनका भुगतान किया जा सके।