पाकिस्तान के पेशावर में पुलिस स्टेशन पर आतंकी हमला हुआ है। हमले में एक डीएसपी समेत 3 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हमला पेशावर के सरबंद  इलाके में हुआ है।  हमले में 6 से 8 आतंकी शामिल होने की बात सामने आई है। 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आतंकियों ने पेशावर के सरबंद पुलिस स्टेशन पर शनिवार तड़के हमला कर दिया। आतंकी ग्रेनेड और स्नाइपर गन लेकर पुलिस स्टेशन में घुस गए। स्टेशन में उस दौरान 12 से 14 पुलिस अधिकारी मौजूद थे। 

हमले के बाद सभी आतंकी घटनास्थल से भागने में कामयाब हुए। घटना के बाद पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है। आतंकियों ने स्टेशन को दो से तीन तरफ से घेरकर हमला किया। कहा जा रहा है कि हमला करने आए आतंकी पूरी तैयारी के साथ आए थे। 

आतंकियों के पास घातक हथियार और नाइट विजन ग्लास भी थे। पुलिस और आतंकियों के बीच करीब दो घंटे  फायरिंग हुई। घटना के तुरंत बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और इलाके की घेराबंदी की गई है।