भोपाल: प्रदेश के सतना एवं खण्डवा में स्थित हवाई पट्टियां एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इण्डिया से मप्र सरकार को मिलने जा रही हैं। इसके लिये केंद्र सरकार ने सैध्दांतिक सहमति प्रदान कर दी है। दोनों हवाई पट्टियां एक रुपये सालाना की लीज पर मप्र को मिलेंगी तथा इसके लिये एमओयू का ड्राफ्ट तैयार हो गया है।
इन दोनों हवाई पट्टियां को मालिकाना हक मिलने पर मप्र सरकार इनका संचालन करेगी। केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मप्र सरकार से इन दोनों हवाई पट्ट्यिां को लीज पर लेने की कार्यवाही जल्द करने का आग्रह किया है।
तीन हवाई पट्टियां बनेंगी जेट प्लेन लैंडिंग सुविधा के लिये-
इधर राज्य के विमानन विभाग ने पहले चरण में उन तीन हवाई पट्टियों का चयन किया है जिन पर जेट प्लेन उतर सके। इनमें मंदसौर, खण्डवा एवं उज्जैन शामिल हैं। मंदसार की हवाई पट्टी तो लगभग इस अनुरुप है परन्तु वहां कुछ और सुधार किये जाने हैं। खण्डवा हवाई पट्टी को प्रसिध्द पर्यटक स्थल हनुवंतियां तक पर्यटकों की पहुंच के लिये तैयार किया जायेगा।
उज्जैन हवाई पट्टी को महाकल मंदिर के लिये आये दिन आने वाले वीवीआईपी एवं अन्य पर्यटकों के लिये तैयार किया जायेगा तथा यहां वैसे भी हर बारह साल में सिंहस्थ का आयोजन भी होता है। इन तीनों हवाई पट्टियों के बनने से जेट प्लेन के माध्यम से सीधे इन पर उतरा जा सकेगा।