जिसकी डोली उठने की तैयारी चल रही थी उसकी चिता सजानी पड़ी। दुल्हन की एकाएक मौत हो गई. युवती की शादी आज होने वाली थी. यह दर्दनाक घटना छिंदवाड़ा के पश्चिम बुधवारी बाजार की है। यहां बेटी की शुक्रवार को धूमधाम से शादी होने जा रही थी। तभी अचानक खुशियां मातम में बदल गईं। बताते हैं कि नाश्ता करने के दौरान निवाला गले में फंस गया। इससे दुल्हन को जोरदार ठसका लगा और खांसते-खांसते उसकी हालत काफी बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पश्चिम बुधवारी बाजार में रहने वाले प्रमोद महादेव काले परिवार में मेघा काले की शादी थी लेकिन उसे ऐसा ठसका लगा कि उसकी मौत हो गई। एसडीओपी संतोष डेहरिया के अनुसार प्रमोद महादेवराव काले की बेटी मेघा का 20 मई को शहनाई लान से विवाह था। शादी की रस्म के दौरान मेघा ढोकले का नाश्ता कर रही थी तभी ढोकले का एक टुकड़ा उसकी श्वांस नली में अटक गया। वह काफी देर तक खांसती रही। परिजनों ने उसे पानी पिलाया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई। तब उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां मेघा की मौत हो गई। गुरूवार को शादी से पहले हुए दर्दनाक हादसे ने परिवार को शोक में डुबो दिया। मेघा काले मुंबई में सेवारत थी।
मेघा काले की मौत के मामले की अब पुलिस जांच कर रही है। मौके से पुलिस ने नाश्ते के सैंपल ले लिए हैं, जिसे एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है।