देश में एक बार फिर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते हुए दिखाई देने लगे हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार (2 अप्रैल) को पिछले 24 घंटों में 3,824 नए मामले सामने आए, जो पिछले दिन की तुलना में 28 फीसदी अधिक है. शनिवार को 2995 जबकि शुक्रवार को 3,095 नए मामले सामने आए थे.

मौजूदा आंकड़ों से पता चलता है कि देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 18,389 है, जो कुल संक्रमितों का 0.04 प्रतिशत है. देश में कोरोना महामारी से अब तक 4,47,22,605 मामले सामने आ चुके हैं. 

इसमें से 4,41,73,335 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं. इस तरह रिकवरी रेट 98.77 प्रतिशत है. कोरोना महामारी से अब तक 5,30,881 लोगों की जान जा चुकी है.

सबसे अधिक टीके लगाए गए-

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत दो साल में 2.2 अरब से ज्यादा कोविड टीके दिए जा चुके हैं. पिछले 24 घंटों में 2,799 वैक्सीन की खुराक दी गई है.

दिल्ली में टूटा 7 महीने का रिकॉर्ड-

दिल्ली में भी कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को 416 नए मामले सामने आए, जो पिछले 7 महीनों में सबसे अधिक दैनिक आंकड़ा है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में संक्रमण दर बढ़कर 14.37 फीसदी हो गई है.

इससे पहले शुक्रवार यानी 31 मार्च को सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना मामले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की थी. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है और लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.

महाराष्ट्र में 669 नए मामले आये सामने-

शनिवार (1 अप्रैल) को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 669 मामले सामने आए, जिससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 81,44,780 हो गई, जबकि मरने वालों की संख्या 1,48,441 पर अपरिवर्तित रही. राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 425 मामले सामने आए जबकि गुरुवार को 694 मामले सामने आए थे.