भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज सख्त बना हुआ है. प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियश से 46 डिग्री सेल्सियश तक बना हुआ है. रविवार को राज्य के 20 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। नौगांव में तो पारा 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि देश के सबसे गर्म शहरों में दूसरे नंबर पर रहा। नौगांव के साथ ही सतना, ग्वालियर, राजगढ़, दमोह, सागर खजुराहो में लू चली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी करीब 6 दिन तक गर्मी के तेवर ऐसे ही तीखे बने रहने के आसार हैं। प्रदेश में मानसून समय पर आने का अनुमान है. आज प्रदेशभर में अधिकांश जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा, राजधानी भोपाल सहित कुछ शहरों में लू चलने की आशंका है.

मौसम विभाग के अनुसार मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहने के कारण गर्मी अधिक हो गई है. दरअसल मानसून पूर्व की गतिविधियां थमी हुई हैं। इस वजह से प्रदेशभर में अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी ग्वालियर—चंबल संभाग के जिलों में लू चलेगी. मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी ने बताया कि दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, राजगढ़, रीवा व सतना जिलों में लू चलने की आशंका है।

हवा में नमी नहीं होने से तापमान में बढ़ोत्तरी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मानसूनी हलचल बनी हुुई है. लेकिन अरब सागर में मानसून शिथिल है। हवा में नमी न आने के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। इस तरह की स्थिति अभी करीब 6 दिन तक बने रहने की संभावना है। इसके बाद पूर्वी मप्र में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरु हो जाएंगी। 

एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में अफगानिस्तान के आसपास है। हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात दक्षिणपूर्वी उत्तर प्रदेश पर भी बना हुआ है। लेकिन मौसम प्रणाली कमजोर होने की वजह से वातावरण में नमी नहीं आ पा रही है।

प्रदेश में आज का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी ने बताया कि अधिकांश जगहों पर मौसम खुश्क बना रहेगा. सोमवार को ग्वालियर—चंबल संभाग के जिलों में लू चलेगी. दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, राजगढ़, रीवा व सतना जिलों में भी लू चलने की आशंका है।