मध्यप्रदेश में एक अजब मामला सामने आया है. पुलिस जिस शख्स को दस साल से तलाश कर रही थी वो स्टेज पर जादू का शो कर रहा था। सालों से लोगों को जादू दिखाकर पुलिस की आंखों में वह धूल झोंक रहा था। लेकिन इस बार जब पुलिस को उसका पता चला तो उसका जादू का यह शो आखिरी शो हो गया. जादूगर का शो खत्म होते है उसकी जेल यात्रा की शुरुआत हो गई। यह खंडवा जिले का मामला है जहां दुष्कर्म के मामले में दस साल से फरार आरोपी को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया।
सुरगांव बंजारी का रहने वाला नानकराम गवली दुष्कर्म के मामले में साल 2007 में गिरफ्तार किया गया था. उसे बाद में कोर्ट से जमानत मिल गई थी। पुलिस के मुताबिक जमानत मिलने के बाद आरोपी एक भी पेशी पर नहीं आया और फरार हो गया. जिसके कारण नानकराम पर पुलिस ने दस हजार का इनाम घोषित किया था. बीते 10 सालों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नानकराम अब जादूगर बन गया है. बिहार के पटना में शो कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी नानकराम को गिरफ्तार कर लिया।
जब पुलिस आरोपी नानकराम को गिरफ्तार करने पहुंची तो वो स्टेज पर जादू दिखा रहा था। पुलिस ने भी करीब एक घंटे तक शो देखा औऱ जैसे ही नानकराम जादू दिखाकर स्टेज से नीचे उतरा तो उसे धरदबोचा। पूछताछ में पता चला कि फरार होने के बाद आरोपी ग्वालियर, लखनऊ और मुजफ्फरपुर बिहार में रहा। यहां उसने जादूगरों के साथ काम किया और जादू सीखा। वह खुद को सम्राट जादूगर बताता था। उसने अपनी पूरी टीम बना ली थी जिसमें कई लड़कियां भी शामिल हैं। यूपी के मुजफ्फरपुर में अपना ठिकाना बना रखा था और वहीं से आधार कार्ड भी बनवा लिया था।