कांग्रेस विधानसभा सीटों का समग्र अध्ययन कराएगी..!

हालही में कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को सभी 230 सीटों के सामाजिक और जातिगत समीकरणों की मैपिंग करने की जिम्मेदारी दी है। उल्लेखनीय है कि यादव कुछ समय से पार्टी में उपेक्षित चल रहे थे, लेकिन आलाकमान से मुलाकात के बाद उन्हें पार्टी में खासा महत्व दिया जाने लगा है। वहीं कांग्रेस ऐसी सीटों को चिन्हित कर रही है जहां वह लंबे समय से हार रही है, ऐसी सीटों पर चुनाव से छह महीने पहले टिकट देने की योजना है।

सूत्रों का कहना है कि कमलनाथ सभी विधानसभा सीटों का प्रारंभिक सर्वे करा चुके हैं। अब उन्होंने अरुण यादव को सभी सीटों का सामाजिक और जातिगत आधार पर अध्ययन कर एक रिपोर्ट तैयार करने को कहा है ताकि यह पता चले कि उस सीट के सभी समाजों और जातियों की आबादी के साथ ही उनके मुखियाओं का झुकाव किस राजनीतिक दल को ओर है। यह काम उम्र में भाजपा ने भी किया था। इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में पिछली बार के ऐसे निर्दलीय उम्मीदवारों को टटोला जाएगा जो खासे वोट ले चुके हैं।

बताया जाता है कि कांग्रेस मिशन 2023 के तहत वरिष्ठ नेताओं के साथ सलाह-मशविरा करके उन 70 सीटों पर छह माह पहले टिकट घोषित करने की इच्छुक है जहां पिछले तीन चुनाव से सफलता नहीं मिल रही है। PARTY  का मानना है कि भाजपा का गढ़ बन चुकी इन सीटों में सेंध लगाने के लिए प्रत्याशी को पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। इन सीटों के लिए उन प्रदेश पदाधिकारियों को पर्यवेक्षक बनाकर जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

टिकट का फार्मूला बनेगा:

बताया जाता है कि नाथ के सर्वे में यह 70 सीटें मिली हैं। जहां कभी जातिगत समीकरण के आधार पर टिकट दिए गए तो कभी नए चेहरे को मौका दिया गया पर सफलता नहीं मिली। इसमें रीवा में राजेंद्र शुक्ला, सीधी में केदारनाथ शुक्ला, नरयावली में डॉ. प्रदीप लारिया, मानपुर में मीना सिंह सागर की रेहली विधानसभा सीट ऐसी है, इसी तरह रेहली से गोपाल भार्गव लगातार आठ बार से चुनाव जीत रहे हैं। दतिया से डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार जीत दर्ज कर रहे हैं। यही हाल बालाघाट में गौरीशंकर बिसेन को लेकर कांग्रेस का है। भोजपुर में सुरेंद्र पटवा, सागर में शैलेंद्र जैन, नरेला में विश्वास सारंग, इंदौर पांच में महेंद्र हार्डिया और मंदसौर सीट पर यशपाल सिंह सिसोदिया को कांग्रेस टक्कर नहीं दे पा रही हैं।