डांस के शौकीनों के लिए खुशखबरी
भोपाल: डांस के शौकीनों के लिए खुशखबरी है. मध्यप्रदेश में डांसर्स का सबसे बड़ा टैलेंट सर्च हो रहा है. इसमें विजेता को ईनाम के साथ पेरिस जाने का भी मौका मिलेगा. दरअसल प्रदेश का खेल विभाग पेरिस ओलंपिक-2024 में शामिल ब्रेक डांस के लिए अकादमी शुरू करने पर विचार कर रहा है। पहले चरण में जिलास्तर पर इच्छुक युवाओं के चयन के लिए इसमें उनके वीडियो बुलवाए गए थे। विभाग की ओर से ब्रेक डांस के लिए दूसरे चरण में संभाग स्तर पर जुलाई माह में प्रतिभा चयन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसकी शुरुआत 10 जुलाई से होगी। इसमें प्रतिभागियों की उम्र 12 से 20 वर्ष तक की ही रहेगी। प्रतिभा चयन कार्यक्रम में जिलास्तर पर संचालित डांस क्लब, डांस अकादमी और डांस क्लासेस के युवा डांसर भी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए अमेरिका से कोच बुलाने की तैयारी भी की जा रही है।
टोक्यो ओलंपिक से पहले ही यह तय हो गया था कि 2024 पेरिस ओलंपिक में ब्रेक डांस ब्रेकिंग के नाम से खेला जाएगा। यह एक रोमांचक और कुछ हद तक जिम्नास्टिक से मेल खाता हुआ खेल है। इसमें देश के मेडल जीतने की अच्छी संभावना है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मप्र शासन का खेल एवं युवा कल्याण इस खेल को प्रदेश में लांच करने की तैयारी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार पेरिस ओलंपिक में इसके वी बॉयज और वी गल्र्स दो इवेंट होंगे। इसमें अप रॉक, डाऊन रॉक और फ्रीरॉक के इवेंट शामिल किए हैं। हर खिलाड़ी को 60 सेकंड में अपने खेल का प्रदर्शन करना होगा। पेरिस ओलंपिक में इस खेल को शामिल करने के बाद मुंबई में इसका पहला नेशनल टूर्नामेंट आयोजित हुआ था। इसमें इंटरनेशनल जजेस भी शामिल थे। इसमें भोपाल के अंकित कुशवाहा उपविजेता बने थे। इस तरह वे भोपाल और प्रदेश के पहले ब्रेक डांस खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। अब ब्रेक डांस इंटरेनशनल टूर्नामेंट न्यूयार्क में खेला जाएगा।
अगर भोपाल में इस खेल की अकादमी खुल जाती है तो वो देश की पहली ब्रेक डांस अकादमी होगी। इसके लिए अमेरिका से भी विशेषज्ञों की टीम बुलाई जाएगी। पहले साल इस अकादमी में कुल 40 खिलाड़ी रखे जाएंगे। इनमें 20 लड़के और इतनी ही लड़कियां शामिल होंगी। इसके लिए टैलेंट सर्च के लिए जिलों को चार जोन में रखा गया है। भोपाल जोन में 13 जुलाई से टैलेंट सर्च शुरु होंगे। इसमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, हरदा, नर्मदापुरम व बैतूल जैसे जिले और शहर शामिल हैं।