राष्ट्रपति चुनाव से पहले और प्रदेश में नगरी निकाय के चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने तीन विधायकों को अपने साथ लाकर ताकत का प्रदर्शन किया है। मंगलवार को बसपा विधायक संजीव कुशवाह , सपा विधायक राजेश शुक्ला (बबलू) के साथ निर्दलीय विधायक विक्रम सिंह राणा ने भाजपा की सदस्यता ली।
तीनों विधायक मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में तीनों विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ली। तीनों विधायकों के आने से राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा समर्थित वोट वैल्यू बढ़ गई है। साथ ही प्रदेश की सियासत में भी भाजपा मज़बूत हुई है।
इससे पहले यह चर्चा थी कि बसपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह और सपा के विधायक राजेश कुमार शुक्ला भाजपा में शामिल हो सकते हैं। दोनों ही विधायकों की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे। यह मुलाकात प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई थी और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी इस दौरान मौजूद थे।
गौरतलब है कि संजीव सिंह बीजेपी में भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश पदाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने 2013 में भाजपा छोड़कर बसपा से 2013 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 35 हजार से ज्यादा वोट से जीत हासिल की थी। संजीव बसपा के विधायक दल के नेता भी है।
राजेश कुमार शुक्ला छतरपुर जिले की बिजावर विधानसभा सीट से सपा विधायक है। राजेश शुक्ला ने 2018 चुनाव में भाजपा के पुष्पेंद्रनाथ पाठक को हराया था। उनके राज्यसभा के लिए हुए मतदान में भाजपा के समर्थन में मतदान किया था, जिसके बाद उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया था। विक्रम सिंह राणा सुसनेर विधानसभा से निर्दलीय विधायक है। विक्रम सिंह की भाजपा में शामिल होने की पहले से चर्चा चल रही थी।