भोपाल: पिछले साल वर्ष 2021 में अक्टूबर से लेकर दिसम्बर तक तीन माह में पीटीसी इंदौर में पदस्थ 24 पुलिसकर्मियों ने साधारण बस के स्थान पर चार्टर्ड बस से भोपाल एवं इंदौर के बीच यात्रा की और इसका भुगतान भी प्राप्त कर लिया।
यह बात संज्ञान पर आने पर अब पीटीसी इंदौर के एसपी ने इन पुलिसकर्मियों से अधिक राशि की वसूली के आदेश जारी कर दिये हैं। इनमें दो यात्रायें इंदौर से बालाघाट के बीच भी की गई थीं।
इन पुलिसकर्मियों में चार उपनिरीक्षक, 3 एएसआई, 16 हवालदार एवं एक आरक्षक शामिल है। इन्हें साधारण बस के किराये की पात्रता थी जिस पर कुल 7 हजार 73 रुपये व्यय होता है परन्तु इन्होंने चार्टर्ड बस से यात्रा कर कुल 11 हजार 870 रुपये व्यय किये। अब इनसे अंतर की राशि 4 हजार 797 रुपये की वसूली होगी।