-मेट्रो निर्माण कार्य के लिए बदली व्यवस्था
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कई प्रमुख मार्ग 8 जुलाई तक बंद रहेंगे। घर से निकलने के पहले आप भी ये मार्ग जान लें ताकि बाद में दिक्कत न हो। मेट्रो निर्माण कार्य के लिए ये व्यवस्था बदली गई है। मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के अंतर्गत एमपी नगर प्रगति पेट्रोल पम्प के पास गर्डर चढ़ाने का कार्य किया जाना है। सुरक्षित यातायात के दृष्टिकोण से निर्माण कार्य के दौरान 2 से 8 जुलाई तक यानि कुल 6 दिन यातायात डायवर्शन रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों को सुविधा के लिए वैकिल्पक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात हेल्पलाइन फोन नंबर-0755-2677340, 2443850 पर सम्पर्क करने को भी कहा है।

ये रास्ता बंद रहेगा
प्रगति पेट्रोल पम्प से मानसरोवर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन एकांगी मार्ग का उपयोग कर जा सकेंगे। मानसरोवर से प्रगति पेट्रोल पम्प की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन पूर्णत: बंद रहेगा।

- कोलार एवं शाहपुरा की तरफ से आनेवाले वाहन नूतन कॉलेज लिंक रोड नंबर दो से होकर एमपी नगर की ओर आ—जा सकेंगे।
- सावरकर सेतू से एमपी नगर जाने के लिए बीजेपी कार्यालय से होकर सात नंबर चौराहे से राइट टर्न लेकर प्रगति पेट्रोल पंप एवं एमपी नगर पहुंचना होगा।
- मानसरोवर से प्रगति पेट्रोल पम्प एवं बोर्ड ऑफिस चौराहा की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहन मानसरोवर से 7 नबंर मार्केट चौराहा, सरोजनी नायडू कन्या स्कूल तिराहा, पारूल अस्पताल होकर प्रगति पेट्रोल पम्प चौराहा एवं बोर्ड ऑफिस चौराहा की ओर आ सकेंगे।