कर्नाटक के अगले सीएम का नाम लगभग फाइनल हो चुका है। इसकी घोषणा मंगलवार शाम को हो सकती है। कांग्रेस ने इसके लिए फॉर्मूला तैयार किया है। अब ये कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को तय करना है कि कर्नाटक में कौन मुख्यमंत्री होगा। 

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बेंगलुरु से दिल्ली जा रहे हैं। वे यहां हाईकमान से मुलाकात करेंगे। वहीं, सूत्रों के हवाले से खबर है कि सिद्धारमैया को सीएम की कमान मिल सकती है। खबरें हैं कि सीएम की रेस में सिद्धारमैया आगे चल रहे हैं।

सूत्रों की माने तो कांग्रेस ने कर्नाटक में सरकार बनाने का फॉर्मूला तय कर लिया है। अभी तक जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक सिद्धारमैया को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। डीके शिवकुमार को डिप्टी सीएम का पद दिया जाएगा। 

इसके साथ ही डीके शिवकुमार के पास राज्य में पार्टी की कमान भी होगी, यानी वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी होंगे। हालांकि इस बारे में फैसला मल्लिकार्जुन खड़गे को लेना है।

सिद्धारमैया का दावा और मजबूत

कांग्रेस की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है, लेकिन यह लगभग तय है कि सिद्धारमैया राज्य के अगले सीएम बनने जा रहे हैं। सिद्धारमैया का दावा डीके शिवकुमार से ज्यादा मजबूत बताया जाता है। वह एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे।

इससे पहले रविवार को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने मुख्यमंत्री पद पर उनकी राय मांगी थी। जिसमें विधायकों से अलग से मौखिक बातचीत की गई। इसके साथ ही विधायकों के लिए गुप्त मतदान कराया गया।

सोमवार को तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक विधायकों की गुप्त पर्चियां लेकर नई दिल्ली पहुंचे और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को विधायकों के विचारों से अवगत कराया। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया को शिवकुमार से दोगुने विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इसी के चलते सिद्धारमैया का नाम लगभग फायनल माना जा रहा है। यानि कि अब सिद्धारमैया फिर से मुख्यमंत्री बन सकते हैं।