सोशल मीडिया पर एक तस्वीर जमकर वायरल है तस्वीर में एक बुजुर्ग व्यक्ति सुनवाई के लिए अधिकारियों के सामने जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है। उत्तरप्रदेश में अमेठी के तिलोई तहसील के सभागार से आई इस तस्वीर में बुजुर्ग को अधिकारियों के सामने इस तरह बैठा देख सोशल मीडिया पर नाराजगी का इज़हार किया जा रहा है। 

इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर अधिकारियों के आम जन से व्यवहार का का सीधा उदाहरण बता आलोचना की जा रही है। साथ ही इस तस्वीर को लोकतंत्र के मुँह पर तमाचा तक बताया जा रहा है और यह कहा जा रहा है कि है कि यह सामंतवादी सोच और व्यवहार में रची-बसी नौकरशाही का आईना है-

यहाँ तक कहा गया कि तिलोई तहसील के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद करने आए बुजुर्ग को जमीन पर बैठ अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इस दृश्य ने अधिकारियों की नैतिकता को शर्मसार किया है-

तस्वीर जब वायरल हुई तो अमेठी के जिलाधिकारी ने इस पर पक्ष रखा। उन्होंने जो बताया वह पत्रकारिता पर भी बड़ा सवाल छोड़ गया

जिलाधिकारी रमेश कुमार मिश्रा ने इस तस्वीर का एक और पहलू सामने रखा और बताया कि बुजुर्ग को एक पत्रकार जय प्रकाश पांडे ने सभागार में जमीन पर बैठाया और फिर फोटो वायरल किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि फोटो में भी दिख रहा है कि बुजुर्ग कैमरे की तरफ देख रहें हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्ग को उठाकर तत्काल कुर्सी पर बैठाया गया था।