सोमवार 13 फरवरी को, मुंबई के गूगल ऑफिस में एक धमकी भरा फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि उसने पुणे में गूगल कार्यालय में बम लगाया गया है। गूगल के अधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और मुंबई पुलिस ने पुणे पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच शुरू कर दी।

 

जानकारी के मुताबिक, धमकी देने वाले ने अपना परिचय पनायम शिवानंद के रूप में दिया। उसने फोन पर यह भी कहा कि वह हैदराबाद में रहता है। बता दें कि कॉलर ने एक लैंडलाइन नंबर पर कॉल की थी। पुलिस ने इस मामले से जुड़ी सारी जानकारी पुणे पुलिस को दे दी है, जिससे वह भी जांच कर सके।

 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को कार्यालय से अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इस बीच, कॉलर को हैदराबाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस की एक टीम भी तेलंगाना में है और कॉल करने वाले को मुंबई लाने की तैयारी की जा चुकी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कॉल करने के पीछे व्यक्ति का मकसद क्या था। पुलिस ने कॉलर के खिलाफ आईपीसी की धारा 505 (1) (बी) और 506 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले एनआईए के मुंबई ऑफिस में एक धमकी भरा ईमेल मिला था। जिसमें दावा किया गया था कि तालिबान से जुड़ा कोई शख्स मुंबई में हमला करेगा। इसके बाद से मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) अलर्ट पर है।