राजधानी भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फ़ोन करने वाले ने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर का आदमी बताया। सांसद को धमकी भरा कॉल शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे आया। आरोपी से सांसद की बातचीत का वीडियो भी वायरल हो रहा है।     

सांसद प्रज्ञा ठाकुर के मुताबिक रात करीब डेढ़ बजे जब वे भाजपा कार्यालय से घर लौट घर आईं तो एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को इकबाल कासकर का आदमी बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने सांसद को फोन पर धमकाते हुए कहा कि तुम्हारी हत्या होने वाली है, सूचना देना थी तो दे दी। 

जब सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने साध्वी ने हत्या का कारण पूछा तो आरोपी ने जवाब दिया कि जल्द ही पता चल जाएगा। आरोपी ने सांसद को धमकाते हुए कहा कि मुसलमान पर जहर उगलना। मुसलमान को टारगेट बनाना। मुस्लिम से बैर करना। तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। हमारा आदमी जब मारेगा तो वह बताएगा कि क्यों मारेंगे। सामने आकर तुम्हे मारेंगे। 

इसके बाद सांसद प्रज्ञा ने भी कॉल करने वाले को सामने आने की चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि दम है तो सामने आकर दिखा। साध्वी और आरोपी के बीच बातचीत होते हुए वीडियो भी सामने आया है। 

साध्वी प्रज्ञा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस जांच में जुट गई है। गौरतलब है कि इससे पहले सांसद प्रज्ञा को अश्लील वीडियो कॉल कर ब्लैकमेल किये जाने का मामला भी सामने आया था। इसके आरोपी राजस्थान से पकड़े गए थे।