भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक के मामले में रामबन के एसएचओ सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कारण एसपी रामबन ने यह आदेश जारी किया है।  

एसपी मोहिता शर्मा के आदेशानुसार पुलिस उप महानिरीक्षक (डीकेआर) रेंज मुख्यालय बटोत की सूचना पर एसएचओ रामबन संदीप चाडक, पीएसआई मुदस्सिर अहमद और कांस्टेबल मुबशिर अहमद को निलंबित किया गया है। साथ ही इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 

एसडीपीओ गूल निहार रंजन को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक सप्ताह के भीतर वह मामले की रिपोर्ट सौंपेंगे। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर में राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक को लेकर की गई है। यात्रा के दौरान राहुल के सुरक्षा घेरे में कई लोग घुस आए थे।

इसके बाद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त होने की बात कही थी। राहुल गांधी ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि भीड़ को काबू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि हम यात्रा कर सकते। मेरी सुरक्षा में लगे लोगों की सलाह को दरकिनार करना मेरे लिए मुश्किल था।