राजस्थान में भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। सोमवार देर रात ये हादसा हुआ. पुलिस के अनुसार मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे जोकि शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। यह दर्दनाक हादसा प्रदेश के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी थाने अंतर्गत बाटा फांटे के पास हुआ। कार में सेडिया जालोर निवासी एक ही परिवार के 9 सदस्य सवार थे।

ये लोग बाड़मेर जिले के कांधी की ढाणी गुड़ामालानी की ओर जा रहे थे। इस दौरान रामजी की गोल से गुड़ामालानी हाईवे पर उनकी कार और एक ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। बाटा फांटे के पास हुए इस हादसे में बोलेरो गाड़ी बुरी तरह से पिचक गई। कार में सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। इन सभी लोगों को करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया।

हादसे में पूनमाराम (45), प्रकाश (28), मनीष (12) पुत्र पूनमाराम, प्रिंस (5), भागीरथराम (38) और पूनमाराम (48) पुत्र भगवानाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मांगीलाल (35) और बुद्धराम (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रकाश (20) पुत्र हरजीराम विश्नोई गंभीर रूप से घायल है, जिसका सांचौर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ये सभी बारात में शामिल थे और कांधी की ढाणी जा रहे थे। 8 किलोमीटर पहले ही यह सड़क हादसा हो गया। बारात में शामिल अन्य वाहनों से जा रहे बाराती यह हादसा देखकर उतरे और गाड़ी में फंसे अपने लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन हादसा इतना भीषण था और कार ऐसी पिचक गई थी कि इसमें फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। कार से टक्कर के बाद ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया।