दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर पहुंच गए हैं. बता दें कि सिसोदिया अपने समर्थकों के साथ अपनी कार से सीबीआई दफ्तर के लिए निकले और इस दौरान पार्टी समर्थकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. सीबीआई के सामने पेश होने से पहले सिसोदिया राजघाट भी पहुंचे थे. हालांकि, गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि कुछ महीने जेल में भी रहना पड़े तो परवाह नहीं.
मनीष सिसोदिया की हो सकती है गिरफ्तारी!
गौरतलब हो कि सिसोदिया का सुबह 11 बजे सीबीआई दफ्तर पहुंचने का कार्यक्रम पहले से तय था और वहां पहुंचने से पहले उन्होंने अपने समर्थकों के साथ रोड शो किया. इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 'आज सिसोदिया को पूछताछ के लिए सीबीआई मुख्यालय बुलाया गया है. मुझे सूत्रों से जानकारी मिली है कि सिसोदिया को गिरफ्तार किया जा सकता है. यह बहुत ही निराशाजनक है.
सीबीआई दफ्तर पहुँचने से पहले सिसोदिया का बड़ा बयान-
सीबीआई दफ्तर में पूछताछ के लिए रवाना होने से पहले सिसोदिया ने कहा कि आज फिर CBI जा रहा हूँ, सारी जाँच में पूरा सहयोग करूँगा. लाखों बच्चो का प्यार व करोड़ो देशवासियो का आशीर्वाद साथ है. कुछ महीने जेल में भी रहना पड़े तो परवाह नहीं. भगत सिंह के अनुयायी हैं, देश के लिए भगत सिंह फाँसी पर चढ़ गए थे. ऐसे झूठे आरोपों की वजह से जेल जाना तो छोटी सी चीज़ है.
केजरीवाल ने कही यह बात-
इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भगवान आपके साथ है मनीष..! लाखों बच्चों और उनके पेरेंट्स की दुआयें आपके साथ हैं. जब आप देश और समाज के लिए जेल जाते हैं तो जेल जाना दूषण नहीं, भूषण होता है. प्रभू से कामना करता हूँ कि आप जल्द जेल से लौटें. दिल्ली के बच्चे, पैरेंट्स और हम सब आपका इंतज़ार करेंगे.