कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के बाद से ही राजनीतिक संग्राम जारी है. इस मुद्दे पर एकजुट विपक्ष ने केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है.
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सभी विपक्षी सांसद सोमवार को काले कपड़े पहनकर सदन पहुंचे. सोनिया गांधी भी ब्लैक बॉर्डर वाली साड़ी पहनकर समर्थन देने पहुंचीं. तो वहीं कल रविवार को भी कांग्रेस ने ‘संकल्प सत्याग्रह’ के ज़रिये विपक्ष को जमकर घेरा.
आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अडानी और राहुल के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ. इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. माना जा रहा है कि राहुल की सदस्यता रद्द करने के लोकसभा सचिवालय के फैसले का विरोध करने के लिए विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे.
विपक्षी दलों की बैठक-
इससे पहले कांग्रेस की अध्यक्षता में विपक्षी दलों की बैठक हुई. इसमें कांग्रेस, डीएमके, एसपी, जेडीयू, बीआरएस, सीपीएम, आरजेडी, एनसीपी, सीपीआई, आईयूएमएल, एमडीएमके, केसी, टीएमसी, आरएसपी, आप, जम्मू कश्मीर एनसी, शिवसेना (उद्धव ग्रुप) के सांसदों ने हिस्सा लिया. बैठक संसद स्थित मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में हुई. इस बैठक में भी ज्यादातर नेता काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे.
विजय चौक पर विपक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस-
गांधी प्रतिमा पर विपक्षी सांसद मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. जल्द ही सभी सांसद संसद भवन से निकलकर विजय चौक जाएंगे और वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
अड़ानी से सवाल पूछना बंद नहीं करेगा विपक्ष-
सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस सांसदों की बैठक हुई. काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे. इस दौरान कांग्रेस सांसदों ने कहा कि वे निरंकुश सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे. वह इस मेगा घोटाले पर अड़ानी के मुद्दे पर सवाल पूछताछ करना जारी रखेंगे.