भोपाल, 

जेपी नड्डा के आगमन से जुड़ी तमाम तैयारियों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं संगठन महामंत्री हितानंद लगातार जायजा ले रहे हैं। स्टेट हेंगर ( एयरपोर्ट), मोतीलाल नेहरू स्टेडियम, लाल परेड ग्राउंड पर तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश दिये जा रहे है। जेपी नड्डा भोपाल में बुधवार को कार्यकर्ता सम्मेलन, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, कैबिनेट सदस्यों की बैठक को संबोधित करेंगे। 

निकाय चुनाव में मार्गदर्शन

मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जिनके नेतृत्व में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी काम कर रही है ऐसे जेपी नहा जी मध्य प्रदेश पधार रहे है। वे हमारे मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्त्रोत हैं, हम लोग उनके स्वागत के लिए पूरे उत्साह और उमंग के साथ जुटे है। हमारा सौभाग्य है कि जब प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव का शंख बज चुका है, तब पार्टी अध्यक्ष का मार्गदर्शन हमें मिल रहा है। भोपाल में पार्टी के कार्यकर्ता पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत करेंगे। 

राजनीतिक प्रस्ताव की तैयारी

नड्डा एक जून को भोपाल एवं दो-तीन को जबलपुर में रहेंगे। इस दौरान वे भोपाल में कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे, जिसमें पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश  के राजनीतिक परिदृश्य पर प्रस्ताव लाया जाएगा। वे यहां कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। सूत्रों का कहना है कि नड्डा बैठक में भाजपा के तमाम पदाधिकारियों से सामूहिक चर्चा के अलावा कई नेताओं से वन टू वन भी चर्चा करेंगे। नगरीय निकाय चुनाव के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की दृष्टि से यह दौरा काफी अहम है। पिछले महीने ही अमित शाह ने भी भोपाल में रोड शो किया था और भाजपा पदाधिकारियों को बैठक भी ली थी।