मुरैना में लोगों ने बिजली कंपनी के अफसर और कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मुरैना के अंबाह क्षेत्र के नयापुरा गांव का यह मामला है। ग्रामीण यहां कंपनी के ठेका कर्मचारी की करंट से मौत के बाद भड़क गए थे। कर्मचारी का शव काफी देर तक खंभे पर लटका रहा जिससे लोगों का गुस्सा और बढ गया। 

ठेका कर्मचारी जयचंद तोमर नयागांव के पाराशर की गढ़ी में बिजली कंपनी में काम करता था। यहां बिजली की लाइन में फॉल्ट होने पर उसने परमिट लिया और खंभे पर चढ़कर फॉल्ट सुधारने लगा। इसी दौरान किसी कर्मचारी ने लाइन चालू कर दी जिससे जयचंद की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। शव खंभे से लटक गया। लोगों ने इस घटना की सूचना बिजली कंपनी के अफसरों को दे दी लेकिन अफसर काफी देर बाद मौके पर पहुंचे। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने अधिकारी और कर्मचारियों को घेर लिया तथा उनकी पिटाई शुरू कर दी। 

ग्रामीणों का आक्रामक रुख देखकर अफसर व कर्मचारियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। कंपनी के अंबाह डिवीजन के उपमहाप्रबंधक अभय चोपड़ा ने भी मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वे घिर गए. ग्रामीणों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और मारपीट की। सूचना पर पुलिस पहुंची और अफसरों कर्मचारियों को बचा लिया। लोगों की मानें तो असल में लंबे समय तक हो रही कटौती से लोग पहले से नाराज थे। इस घटना ने ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ा दिया। उपमहाप्रबंधक अभय चोपड़ा ने 15 दिन पहले ही उपमहाप्रबंधक पद का प्रभार दिया गया है।

बिजली कंपनी में ठेका कर्मचारियों की काम के दौरान मरने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले दिमनी क्षेत्र में कर्मचारी की लाइन पर काम करने के दौरान करंट से मौत हो गई थी।