त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। इस साल के पहले चुनाव में सुबह 9 बजे तक 13.69% मतदान हो चुका है। पोलिंग बूथ पर कतारें दिख रही हैं। चुनाव आयोग ने कहा है कि मतदाताओं में उत्साह है और अब देखना यह है कि ये उत्साह सरकार कायम रखेगा या सत्ता पलट का कारण बनेगा।
चुनाव में एक चरण में वोटिंग होना है। राज्य की 28.13 लाख जनता 259 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेगी। नतीजे 2 मार्च को घोषित होंगे। राज्य में चुनाव प्रचार मंगलवार शाम को खत्म हो गया था।
भारत निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता के मुताबिक़ त्रिपुरा में उच्च मतदाता उत्साह देखा जा रहा है राज्य में शांतिपूर्ण माहौल का संकेत देखा जा सकता है। मतदाताओं के बीच विश्वास की भावना पैदा करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराए गए हैं।
त्रिपुरा में कुल 259 उम्मीदवार चुनावी दौड़ में हैं, जिनमें 20 महिलाएं हैं. बीजेपी 55 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी (IPFT) ने पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं और एक सीट पर दोस्ताना मुकाबला होगा।
सीपीएम (CPM) 47 सीट पर चुनाव लड़ रही है और इसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 13 सीट पर चुनाव लड़ रही है। यह चुनावी मुकाबला बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन, माकपा-कांग्रेस गठबंधन और पूर्वोत्तर राज्य के पूर्व शाही परिवार के वंशज की तरफ से क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा के बीच है।