देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 4 जून तक मौसम सुहाना रहेगा, जबकि बिहार, झारखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.
दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार को बारिश हो सकती हैं. मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है. आईएमडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में भी अगले कुछ घंटों में मध्यम से मध्यम बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, बड़ौत, बागपत (यूपी), पिलानी, भिवाड़ी, तिजारा और खैरथल (राजस्थान) में भी अगले कुछ घंटों में हल्की बारिश होगी.
यहां भारी बारिश की संभावना-
आईएमडी ने बताया कि जून के महीने में पूरे भारत में बारिश सामान्य से कम होगी. मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, ओडिशा जैसे राज्यों के साथ-साथ उत्तर भारत के बड़े हिस्से में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी.
पहाड़ी राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम-
उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरे थे. आज के मौसम की बात करें तो आईएमडी के मुताबिक, आज राज्य में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रहेगा. इसके साथ ही आज कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बादल गरजेंगे. इसके अलावा हिमाचल में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही है. प्रदेश में 5 जून तक मौसम का मिजाज खुशनुमा रहेगा. अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है. तो वहीं, अधिकतम 14 डिग्री तक जाएगा.